तंबाकू कंपनियां युवाओं को बना रहीं निशाना, जागरूकता ही बचाव : प्रेमचंद चौहान
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर पीएम श्री मॉडल स्कूल राजगढ़ में विद्यार्थियों को तंबाकू और निकोटिन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति की शपथ दिलाने के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। वक्ताओं ने युवाओं को तंबाकू के आकर्षण से बचने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
राजगढ़
पीएम श्री गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल राजगढ़ में शनिवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यूथ एंड इको क्लब तथा एंटी ड्रग्स स्क्वाड इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तंबाकू और निकोटिन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य प्रेमचंद चौहान और क्लब प्रभारी प्रवीण शर्मा ने कहा कि इस वर्ष की थीम “तंबाकू और निकोटिन की लत के आकर्षण का पर्दाफाश करना” वर्तमान समय में बेहद प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि तंबाकू कंपनियां आकर्षक पैकेजिंग, विभिन्न फ्लेवर और सोशल मीडिया प्रचार के माध्यम से युवाओं और बच्चों को अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि तंबाकू और निकोटिन का सेवन हृदय रोग, कैंसर, फेफड़ों की बीमारियों तथा मानसिक समस्याओं जैसी गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों को जन्म देता है। यदि समय रहते युवाओं को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक नहीं किया गया तो समाज पर इसके दूरगामी दुष्परिणाम देखने को मिल सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल, संगीत, कला तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। इस दौरान सभी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के तहत भाषण, चित्रकला और नारा लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में 11वीं कक्षा की आयुषी प्रथम, आठवीं कक्षा के क्षितिज द्वितीय तथा 11वीं कक्षा के आदर्श तृतीय स्थान पर रहे।
चित्रकला प्रतियोगिता की जूनियर श्रेणी में तृषा ठाकुर ने प्रथम, आस्था चंदेल ने द्वितीय तथा शिवन्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग की नारा लेखन प्रतियोगिता में श्रेया ठाकुर प्रथम, गुंजन शर्मा द्वितीय तथा प्रांजल और सृष्टि संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।
सीनियर वर्ग की भाषण प्रतियोगिता में सृष्टि और धीरज ने प्रथम, कृतिका और महक ने द्वितीय तथा हिना ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं सीनियर वर्ग की नारा लेखन प्रतियोगिता में आरुषि ठाकुर प्रथम, विपाक्षी और हर्षिता द्वितीय तथा शिवांगी और प्रांजल तृतीय स्थान पर रहे।
विद्यालय प्रशासन ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, जिम्मेदारी और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।