Wrestlers Protest: पहलवानों का प्रदर्शन जारी, खिलाड़ियों ने नेशनल चैंपियनशिप का किया बायकॉट
भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों की लड़ाई थमने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को भी लगातार तीसरे दिन पहलवानों का प्रदर्शन जारी रहा। इसी बीच अब गोंडा में नेशनल सीनियर रैंकिंग मीट में पहुंचे खिलाड़ी वापस जा रहे हैं। यहाँ हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के खिलाड़ी पहुंचे है जिन्होंने अब यहां से वापस जाकर जंतर-मंतर पर अपने सीनियर खिलाड़ियों का साथ देने की ठान ली है।
बता दें कि देश के नामी पहलवानों ने भारतीय कुश्ती महासंघ के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर खिलाड़ी अपनी मांगों को लेकर तीसरे दिन भी धरने पर बैठे। इसी बीच गोंडा में नेशनल सीनियर रैंकिंग मीट में पहुंचे हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के खिलाड़ी वापस जा रहे हैं।
खिलाड़ियों ने कहा कि इनका मनोबल पूरी तरीके से गिर चुका है और यहां की व्यवस्थाएं भी नेशनल लेवल प्रतियोगिता के स्तर की नहीं है। खिलाड़ियों का कहना है कि हमें अपने सीनियर्स के साथ खड़ा होना है। यहां से वापस जाकर जंतर-मंतर पर अपने सीनियर खिलाड़ियों का साथ देंगे और फेडरेशन के खिलाफ बैठेंगे।
क्या है मामला
दरअसल, पहलवानों ने बृजभूषण सिंह पर महिला पहलवानों का यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पहलवान उनके इस्तीफे पर अड़े हुए हैं। पहलवानों का आरोप है कि, भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और कोच महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न करते हैं। कुछ कोच तो सालों से यौन उत्पीड़न करते आ रहे हैं। हालांकि कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह ने इन आरोपों को ग़लत बताया है।