Loading...

ताशकंद किक बॉक्सिंग वर्ल्ड कप में यादवेंद्र चौहान का दम, भारत के लिए जीते दो कांस्य

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 31 Oct 2026 • 1 Min Read

नाहन के किक बॉक्सर यादवेंद्र सिंह चौहान ने उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित किक बॉक्सिंग वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए दो कांस्य पदक जीते हैं। अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय वर्ल्ड कप में दो पदक हासिल करने के बाद अब वह 12 से 21 दिसंबर तक कंबोडिया में होने वाली एशियाई चैंपियनशिप में देश के लिए चुनौती पेश करेंगे।

नाहन

यादवेंद्र सिंह चौहान करीब एक दशक से किक बॉक्सिंग से जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पुरस्कार हासिल किए हैं। ताशकंद में आयोजित प्रतियोगिता उनका पहला अंतरराष्ट्रीय वर्ल्ड कप था, जिसमें उन्होंने दो अलग-अलग श्रेणियों में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यादवेंद्र ने इस उपलब्धि को निरंतर अभ्यास और मेहनत का परिणाम बताया है।

कंबोडिया में एशियाई चैंपियनशिप अगला लक्ष्य

वर्ल्ड कप में दो पदक जीतने के बाद यादवेंद्र का अगला लक्ष्य एशियाई चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करना है। उनका चयन पहले ही इस प्रतियोगिता के लिए हो चुका है। ताशकंद वर्ल्ड कप में 57 देशों के तीन हजार से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। भारत की ओर से छह खिलाड़ी प्रतियोगिता में उतरे थे, जिनमें से चार ने अपनी-अपनी श्रेणियों में पदक हासिल किए।

नाहन लौटने पर संस्था ने किया सम्मानित

नाहन पहुंचने पर आदर्श संस्था ने यादवेंद्र चौहान और उनके परिवार को सम्मानित किया। संस्था के राज्य अध्यक्ष अमरजीत परमार ने कहा कि युवा खिलाड़ी ने खेल के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि संस्था प्रदेश में नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाने के साथ किशोरों को खेल और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए काम कर रही है।

अमरजीत परमार ने मुख्यमंत्री से प्रदेश में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग भी की। संस्था के जिला अध्यक्ष मनीष जैन ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया जाता है। सम्मान कार्यक्रम में पार्षद सीमा अत्री, पूर्व पार्षद वीरेंद्र पासी, बीएस ठाकुर, ललित कुमार और यादवेंद्र चौहान के परिजन उपस्थित रहे।