यादविन्द्र गोमा ऊना में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के होंगे मुख्य अतिथि
आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविन्द्र गोमा ऊना में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। वह 15 अगस्त को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र विद्यालय ऊना के प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यादविन्द्र गोमा सुबह 11 बजे ध्वजारोहण करने के बाद जिलावासियों को संबोधित करेंगे। इससे पहले वह एमसी पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि समारोह की परेड में पुलिस और होमगार्ड की टुकड़ियों के साथ एनसीसी, एनएसएस तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं मार्चपास्ट में भाग लेंगे। विद्यालयों के विद्यार्थी और नाट्य दल देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत करेंगे।
जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित झांकियां
समारोह में विभिन्न विभागों की ओर से सामाजिक संदेशों और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। इनमें मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना और राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल से संबंधित झांकियां शामिल रहेंगी। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, कैच द रेन, कृषि एवं बागवानी विभाग और डीआरडीए की योजनाओं को भी झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों के लगेंगे स्टॉल
स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से समारोह स्थल पर ईट राइट मेले की तर्ज पर स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें विभिन्न सरकारी विभागों के साथ स्वयं सहायता समूह भी भागीदारी करेंगे। स्टॉलों पर प्राकृतिक, स्थानीय और पौष्टिक उत्पादों के प्रदर्शन को प्राथमिकता दी जाएगी। समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। उपायुक्त जतिन लाल ने जिले के नागरिकों से अधिक संख्या में समारोह में भाग लेने का आह्वान किया है।