Yoga Day / योग को जीवनशैली बनाकर स्वस्थ और नशामुक्त समाज का करें निर्माण : अजय सोलंकी
Yoga Day : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नाहन के पक्का तालाब मैदान में आयुष विभाग सिरमौर द्वारा जिला स्तरीय योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों ने भाग लेकर योग एवं प्राणायाम गतिविधियों का अभ्यास किया। इस दौरान योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली में इसकी भूमिका तथा नियमित योग अभ्यास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी जानकारी साझा की गई।
नाहन
पक्का तालाब मैदान नाहन में शनिवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष विभाग सिरमौर द्वारा जिला स्तरीय योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप, नाहन विधायक अजय सोलंकी, उपायुक्त प्रियंका वर्मा, पार्षद नरेंद्र तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम क्रियाओं का अभ्यास किया।इस अवसर पर विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्राचीन काल से योग, साधना और ऋषि-मुनियों की तपोभूमि रहा है। प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और शुद्ध वातावरण स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि योग की परंपरा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है ताकि युवा स्वस्थ जीवन अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकें।
अजय सोलंकी ने लोगों से प्रतिदिन योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली ही नशामुक्त समाज की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि योग मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति का अमूल्य उपहार है, जिससे आज पूरा विश्व जुड़ रहा है। योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली संपूर्ण जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” विषय के साथ योग दिवस मनाया जा रहा है, जो स्वस्थ और सक्रिय जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से किया गया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. जसप्रीत कौर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि आयुष विभाग द्वारा एक जून से 20 जून तक ऑनलाइन योग सत्र भी संचालित किए गए। उन्होंने विभाग की ओर से अतिथियों को औषधीय पौधे भेंट कर सम्मानित किया।
योग कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रमोद पारिक तथा योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया तथा इनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।

