Loading...

अर्की विधानसभा क्षेत्र के डुमैहर में जोगिन्द्रा सहकारी बैंक की नई शाखा का शुभारंभ, विधायक ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मज़बूत करने की बात कही

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 19 Apr 2025, 6:00 PM | Updated: 19 Apr 2025, 4:50 PM 1 min read

अर्की

डुमैहर में जोगिन्द्रा सहकारी बैंक की नई शाखा का शुभारम्भ

अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मज़बूती प्रदान करने में बैंकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने यह बात अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत डुमैहर में जोगिन्द्रा सहकारी बैंक की शाखा का शुभारम्भ करने के उपरांत कही।

संजय अवस्थी ने कहा कि डुमैहर में जोगिंद्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक की शाखा खुलने से स्थानीय लोगों को बेहतर ग्राहक सेवा, नए वित्तीय उत्पादों और बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि जब एक नया बैंक खुलता है, तो यह पहले से मौजूद बैंकों के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ाता है, जिससे बेहतर ब्याज दरें, कम शुल्क और उच्च गुणवत्ता की ग्राहक सेवा मिलती है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सकारात्मक कदम

संजय अवस्थी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि गाय और भैंस के दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि की गई है और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से प्राकृतिक खेती की हल्दी के लिए 90 रुपये प्रति किलो का समर्थन मूल्य तय किया गया है।

युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर

अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षित युवाओं को स्वरोज़गार और रोज़गार दिलवाने के लिए नई योजनाएं आरंभ कर रही है। इनमें राजीव गांधी स्टार्ट-अप योजना और मुख्यमंत्री पर्यटन स्टार्ट-अप योजना प्रमुख हैं। इन योजनाओं के तहत प्रदेश सरकार युवाओं के लिए नए स्वरोज़गार के अवसर सृजित कर रही है।

बैंकिंग सुविधाओं में सुधार और भविष्य की योजनाएं

जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने बताया कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में अब जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक की 5 शाखाएं हैं। उन्होंने कहा कि डुमैहर में शाखा खुलने से स्थानीय लोगों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा, बैंक ने इंटरनेट बैंकिंग की अनुमति के लिए भारतीय रिज़र्व बैंक में आवेदन किया है और इस सेवा को जल्द ही शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।