15 अगस्त पर कॉलेजों में छुट्टी नहीं, देशभक्ति के रंग में डूबेंगे परिसर
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों की रहेगी अनिवार्य भागीदारी, उच्च शिक्षा निदेशालय ने जारी किए निर्देश
हिमाचल नाऊ न्यूज शिमला
इस बार 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सरकारी, निजी और संस्कृत महाविद्यालयों में सामान्य अवकाश नहीं रहेगा। उच्च शिक्षा निदेशालय ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश जारी करते हुए स्वतंत्रता दिवस को पूरे सम्मान, गरिमा और उत्साह के साथ मनाने के आदेश दिए हैं।
निर्देशों के अनुसार प्रत्येक महाविद्यालय में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान, देशभक्ति गीत, भाषण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और संविधान व राष्ट्रीय एकता पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष निर्देश दिए गए हैं।
इतना ही नहीं, सभी सरकारी महाविद्यालयों को अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित तहसील, उपमंडल और जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोहों में भी अनिवार्य रूप से भाग लेना होगा। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद उसकी विस्तृत रिपोर्ट उच्च शिक्षा विभाग को भेजनी होगी।
उच्च शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, संविधान के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। सभी संस्थानों को समय रहते तैयारियां पूरी करने और निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
वहीं, प्रदेश के सरकारी विद्यालय भी 15 अगस्त को खुले रहेंगे और वहां भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश जारी किए हैं।