Loading...
una

आरजीडी मुद्दे पर सांसद प्रधानमंत्री से करें बात: सतपाल सिंह रायजादा

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 17 Feb 2026, 7:15 PM | Updated: 17 Feb 2026, 7:15 PM 1 min read
  • कांग्रेस नेता सतपाल सिंह रायजादा ने आरजीडी ग्रांट रोकने को राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने प्रदेश के सांसदों से हिमाचल के हित में प्रधानमंत्री से चर्चा करने की मांग की।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

आरजीडी ग्रांट रोकना राजनीति से प्रेरित

आज जिला मुख्यालय के विश्राम गृह में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं ऊना सदर के पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने पत्रकारवार्ता करते हुए कहा कि आर जी डी का मुद्दा आज पूरे प्रदेश पर भारी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आरजीडी की ग्रांट रोकना राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने बजट को लेकर तो केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण की वाहवाही की, लेकिन हिमाचल के हक में एक बार भी प्रधानमंत्री से बात नहीं की।

सांसदों पर जनता को गुमराह करने का आरोप

उन्होंने कहा कि आरजीडी को लेकर इनका एक बयान आया है, जिसमें कहा गया है कि केंद्र ने 20 साल पहले ही प्रदेश को आगाह कर दिया था। लेकिन सांसद महोदय झूठ बोल रहे हैं। रही बात 20 साल की, तब हिमाचल में उनके पिता प्रोफेसर प्रेम कुमार धुमल प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। अगर कोई पुराना नोटिफिकेशन है तो उसे सार्वजनिक करें। उन्होंने कहा कि अनुराग सिंह ठाकुर जनता को गुमराह कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमने इस देश को जोड़ने और आजाद करवाने का काम किया। जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और मनमोहन सिंह के नेतृत्व में देश आगे बढ़ा था। लेकिन आज लगातार यह बयान आता है कि नरेंद्र मोदी के राज में भारत बदल रहा है। रायजादा ने कहा कि बिल्कुल भारत बदल रहा है, क्योंकि किसानों को प्रताड़ित किया जा रहा है, व्यवसायियों पर दबाव है और पेट्रोल-गैस के दामों में वृद्धि हो रही है।

प्रदेश हित में केंद्र से बातचीत की मांग

उन्होंने कहा कि हिमाचल के जितने भी सांसद हैं, चाहे वे राज्यसभा के हों या लोकसभा के, उन्हें हिमाचल के हित के लिए केंद्र सरकार से बात करनी चाहिए, ताकि जिस आर्थिक स्थिति से हिमाचल गुजर रहा है, उससे प्रदेश को निकाला जा सके।

इस मौके पर रविन्द्र सहोड़, वरुण पुरी, सीमा शर्मा, रोहित सहोड़, एस के बंसल, शिव कुमार शर्मा, यश पाल सिंह, ओंकार कपिला सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।