जिला सिरमौर एचआरटीसी को बहनों के सफर से ढाई लाख का घाटा
रूटिंग ट्रैवलिंग में 40 फीसदी की बढ़ोतरी, हर स्टेशन पर रुकी बस
HNN/ नाहन
एचआरटीसी सिरमौर ने रक्षाबंधन पर करीब 4800 बहनों को निशुल्क यात्रा के रूप में ढाई लाख रुपए का शगुन दिया है। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर 145 रूटों पर चलने वाली अधिकतर बसों में 40 से अधिक महिलाओं की उपस्थिति दर्ज की गई।
एचआरटीसी से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, राखी बांधने के शुभ मुहूर्त से पहले और देर शाम खबर लिखे जाने तक जिला की लगभग 4800 महिलाओं ने निशुल्क यात्रा का लाभ उठाया। एचआरटीसी जहां प्रतिदिन अपने टोटल रूटस का 11 से साढ़े 12 लाख रुपए प्रतिदिन कैश कलेक्ट करती है, वहीं रक्षाबंधन के दिन खबर लिखे जाने तक ढाई लाख रुपए के लगभग का घाटा भी दर्ज किया गया।
वहीं रीजनल मैनेजर राकेश कुमार के द्वारा अड्डा इंचार्ज सहित तमाम चालकों और परिचालक को सख्त आदेश दिए गए थे कि किसी भी महिला को हाथ देने पर गाड़ी में बिठाए बगैर ना जाएं। जिला में कहीं से भी ऐसी कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई कि जहां किसी बहन के लिए हिमाचल रोडवेज की बस न रुकी हो।
अड्डा इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि जिला का कोई भी ऐसा रूट नहीं था जहां बस नहीं भेजी गई। उन्होंने बताया कि और दिनों की अपेक्षा रक्षाबंधन से एक दिन पहले और रक्षाबंधन के दिन बसों में सामान्य दिनों से अधिक भीड़ दर्ज की गई।
वहीं रीजनल मैनेजर राकेश कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन का टोटल कैश अगले दिन काउंट होता है। बावजूद इसके देर शाम तक जिला सिरमौर पथ परिवहन निगम को करीब ढाई लाख के लगभग का कम कैश कलेक्ट हुआ है।