डीएलएड कॉमन एंट्रेंस टेस्ट के लिए इस दिन से करें ऑनलाइन आवेदन…
HNN/धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा 2 वर्षीय डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन सत्र 2024-2026 हेतु कॉमन एंट्रेंस टेस्ट का आयोजन 8 जून को किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 20 अप्रैल से शुरू होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 10 मई रहेगी। वहीं 11 से 13 मई तक विलम्ब शुल्क के साथ आवेदन होगा। ऑनलाइन आवेदनों में शुद्धि 14 से 16 मई तक होगी।
अभ्यर्थियों को कैटेगरी व सब कैटेगरी में ऑनलाइन शुद्धि करने की अनुमति नहीं रहेगी क्योंकि इससे एप्लीकेशन फीस प्रभावित होती है। अगर किसी अभ्यर्थी को कैटेगरी व सब कैटेगरी में शुद्धि करवानी हो तो वह बोर्ड कार्यालय में ऑनलाइन व ऑफलाइन आवेदन कर सकता है। जिन विवरणों में ऑनलाइन शुद्धि के लिए अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया गया है, उन विवरणों में किसी भी प्रकार के पत्राचार व ई-मेल पर विचार नहीं किया जाएगा।
सामान्य और सब कैटेगरी के 600 रुपए आवेदन शुल्क व एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्लयूएस सहित अन्य कैटेगरी के लिए 400 रुपए रहेगा। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव डाॅ. मेजर विशाल शर्मा ने कहा कि अभ्यर्थियों को ऑनलाइन एप्लीकेशन में पेमेंट गेटवे लिंक पर क्लिक करने के उपरांत डेबिट कार्ड/क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग के माध्यम से शुल्क जमा करवाना होगा।
यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित तिथि में ऑनलाइन आवेदन न कर सके तो विलम्ब शुल्क 300 रुपए के साथ आगामी 3 दिनों तक ऑनलाइन आवेदन कर पाएगा। निर्धारित तिथि के उपरांत कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।