Loading...

पांवटा साहिब: सालवाला पंचायत की खड्ड में बरसाती पानी ने मचाया तांडव

By Ankita Published: 5 Jul 2024, 1:06 PM | Updated: 5 Jul 2024, 1:06 PM 1 min read

किसानों की फसलों सहित एक गौशाला को हुआ भारी नुकसान

HNN/ पांवटा साहिब

जिला सिरमौर के कई क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के बाद नदी नाले अब ऊफान पर आ चुके हैं। पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सालवाला पंचायत की बरसाती खड्ड में आई बाढ़ ने पहले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। शुक्रवार की रात को हुई भारी बारिश के बाद बाढ़ का पानी किसानों के खेतों और घरों में घुस गया।

पानी के तांडव के चलते लोगों के घरों का सामान भी तेज धार में बह गया। स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक किसान की गौशाला को भी भारी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों में शामिल जसवंत, राजेंद्र चौधरी, इकबाल आदि ने बताया कि पूर्व में भाजपा सरकार के द्वारा गांव की सुरक्षा के लिए नाले के साथ एक दीवार भी बनाई गई थी।

किसानों ने बताया कि इस बार पानी इतना ज्यादा था कि दीवार भी बाढ़ के आगे बौनी साबित रही। गांव वासियों ने सरकार व प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि स्थानीय लोगों को उनकी फसल के नुकसान का मुआवजा और गांव के लिए और अच्छी सुरक्षित दीवार बनाई जाए।