बेहड़ जसवां स्कूल में संचालित होंगी केंद्रीय विद्यालय नंदपुर की कक्षाएं , स्थायी भवन निर्माण तक जारी रहेगा इंतजाम
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उपायुक्त ने किया स्कूल भवन का निरीक्षण, छात्रों को सुविधाजनक शिक्षण माहौल देने के निर्देश
ऊना जिला के बेहड़ जसवां में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में अब केंद्रीय विद्यालय नंदपुर की अस्थायी कक्षाएं संचालित की जाएंगी। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बुधवार को स्कूल का दौरा कर इस व्यवस्था का जायजा लिया। उनके साथ एसडीएम अंब सचिन शर्मा सहित शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
पढ़ाई बाधित न हो, हर सुविधा का रखा जाएगा ध्यान
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जब तक केंद्रीय विद्यालय नंदपुर का स्थायी भवन तैयार नहीं हो जाता, तब तक बच्चों की पढ़ाई बेहड़ जसवां स्कूल परिसर में ही जारी रहेगी। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को सभी जरूरी भौतिक सुविधाएं और अनुकूल शिक्षण माहौल उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता पर कोई प्रभाव न पड़े।
स्थायी भवन के लिए चयनित भूमि का भी लिया जायजा
निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने केंद्रीय विद्यालय के स्थायी भवन के लिए प्रस्तावित भूमि स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि परियोजना की प्रारंभिक योजना शीघ्र तैयार की जाए और सभी औपचारिकताएं तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं ताकि केंद्रीय विद्यालय का स्थायी भवन जल्द अस्तित्व में आ सके।
प्रशासन का उद्देश्य: गुणवत्तापूर्ण और स्थिर शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता यह है कि छात्रों को शिक्षा में किसी तरह की रुकावट न आए और उन्हें शांतिपूर्ण व प्रेरणादायक वातावरण मिले। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
