Loading...

राजगढ़ में चोरी का सामान बरामद, नाहन में दो युवक हेरोइन सेवन करते पकड़े

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 20 Feb 2026, 5:59 PM | Updated: 20 Feb 2026, 5:59 PM 1 min read

जिला सिरमौर में पुलिस ने गश्त के दौरान चोरी का सामान बरामद कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। वहीं नाहन में दो युवकों के खिलाफ हेरोइन सेवन की पुष्टि होने पर मामला दर्ज किया गया है।

नाहन

राजगढ़ में वाहन जांच के दौरान बरामदगी

पुलिस थाना राजगढ़ की टीम ने गश्त के दौरान गौड़ा की ओर से आ रही मारुति वैन (HP14A-5747) और पिकअप (HP16A-4506) को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान वैन से जनरेटर, वेल्डिंग रॉड, वेल्डिंग सेट, नट खोलने की चाबियां, काले रंग की बिजली तार, कटर मशीन और एक्स ब्लेड बरामद किए गए।

पिकअप वाहन से भारी वजन के कटे पाइप के टुकड़े और बड़ा गैस कटिंग सिलेंडर भी मिला।

चार संदिग्धों से पूछताछ जारी

वैन में सवार व्यक्तियों की पहचान शाहजहां, मीर मोहम्मद और लियाकत अली निवासी तहसील कालाकोट जिला राजौरी (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई, जबकि पिकअप चालक भगत निवासी तहसील व जिला सोलन बताया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा बरामद सामान के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। प्राथमिक जांच में सामान चोरी का प्रतीत होने पर पुलिस थाना राजगढ़ में धारा 303(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है।

उधर पुलिस थाना सदर नाहन के अंतर्गत पुलिस चौकी गुन्नूघाट की टीम ने शिमला रोड स्थित हाथी कब्र, अमरपुर मोहल्ला क्षेत्र में किराये के कमरे से दो व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा था। उनकी पहचान अभिनव कश्यप निवासी अमरपुर, नाहन तथा नदीम निवासी जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

मौके से नशीले पदार्थ के अवशेष और उपयोग में लाए जाने वाले उपकरण बरामद किए गए थे। एसएफएसएल जुन्गा से प्राप्त रिपोर्ट में दोनों द्वारा हेरोइन सेवन की पुष्टि हुई है। इस संदर्भ में पुलिस थाना नाहन में धारा 27 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई जारी है।