NDPS: नालागढ़ में एक परिवार की 2.08 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज
NDPS: बद्दी पुलिस ने वर्ष 2024 में दर्ज चिट्टा तस्करी के मामले की वित्तीय जांच के बाद नालागढ़ के टिक्कर पनौह निवासी एक परिवार से जुड़ी दो करोड़ आठ लाख 22 हजार रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज की है। कार्रवाई के दायरे में जमीन, मकान और वाहन शामिल हैं। मामला पुलिस थाना नालागढ़ में 12 मई 2024 को दर्ज एफआईआर संख्या 119/2024 से संबंधित है, जिसमें आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा के कब्जे से 6.68 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था।
नालागढ़
मामले की जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने आरोपी और उसके परिजनों की संपत्तियों की विस्तृत वित्तीय जांच की। इसके आधार पर संबंधित चल और अचल संपत्तियों को कानून के प्रावधानों के तहत फ्रीज किया गया। पुलिस के अनुसार अमरजीत कौर से संबंधित करीब 80 लाख सात हजार रुपये की संपत्ति कार्रवाई के दायरे में आई है। इसमें 8.47 लाख रुपये की टाटा पंच कार, 90 हजार रुपये की एक्टिवा, 70 हजार रुपये की टीवीएस जुपिटर तथा टिक्कर पनौह में करीब 7.10 बिस्वा भूमि और उस पर बना दो मंजिला मकान शामिल है।
पुलिस ने भूमि की मौजूदा अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये और मकान की कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी है। अमरजीत कौर वर्तमान में किशनपुरा जेल में निरुद्ध हैं। इसी परिवार के सतनाम सिंह उर्फ सत्ती से संबंधित करीब 83 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति भी फ्रीज की गई है। इसमें 1.25 लाख रुपये की टीवीएस एनटॉर्क, 90 हजार रुपये की एक्टिवा, करीब एक लाख रुपये की मारुति जेन और 2.10 बिस्वा भूमि पर बना मकान शामिल है।
सतनाम सिंह से संबंधित मकान और भूमि की मौजूदा अनुमानित बाजार कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई गई है। यह भूमि और मकान उनकी पत्नी हिमांशी सहोत्रा के नाम दर्ज है। इसके अलावा आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा से संबंधित जेएचएसडीपीए नालागढ़ स्थित दो बीएचके मकान और भूमि को भी फ्रीज किया गया है। इसकी मौजूदा अनुमानित बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी गई है। तीनों से संबंधित संपत्तियों का कुल अनुमानित मूल्य दो करोड़ आठ लाख 22 हजार रुपये है।
एक सप्ताह में 5.54 करोड़ रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई
बद्दी पुलिस ने पिछले एक सप्ताह में बीबीएन क्षेत्र में नशा तस्करी से जुड़े मामलों में कुल पांच करोड़ 53 लाख 95 हजार रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज की है। इसमें बद्दी थाना क्षेत्र के राहुल गुप्ता और उनके परिजनों की करीब 1.97 करोड़ रुपये, नालागढ़ के गगनदीप वर्मा उर्फ बिल्ला और सुरजन कुमार से जुड़े मामलों की 1.48 करोड़ रुपये तथा गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा और उनके परिवार से जुड़ी 2.08 करोड़ रुपये की संपत्ति शामिल है। कार्रवाई में जमीन, मकान, वाहन और बैंक खातों में जमा राशि को शामिल किया गया है।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि नशा तस्करी से जुड़े लोगों और अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान तथा वित्तीय जांच जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि कानून के प्रावधानों के तहत ऐसी संपत्तियों को फ्रीज करने और जब्त करने की कार्रवाई लगातार की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी और जांच के दौरान सामने आने वाली संबंधित संपत्तियों को भी कानूनी प्रक्रिया के दायरे में लाया जाएगा।