NDPS: सिरमौर में चिट्टे के साथ एक गिरफ्तार, शराब और दड़ा-सट्टा मामलों में भी कार्रवाई
NDPS: सिरमौर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 6.21 ग्राम चिट्टे के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा रेणुका जी, पच्छाद और संगड़ाह थाना क्षेत्रों में अवैध शराब बरामद की गई, जबकि पांवटा साहिब में दड़ा-सट्टा लगाने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित कानूनों के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिरमौर
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को एसआईयू नाहन की टीम केदारपुर के पास गश्त पर थी। गुप्त सूचना के आधार पर कुंजा की ओर से माजरा जा रहे मोटरसाइकिल सवार हामिर खान निवासी माजरा की तलाशी ली गई। पुलिस ने उसके कब्जे से 6.21 ग्राम चिट्टा यानी हेरोइन बरामद करने का दावा किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगामी जांच जारी है।
तीन क्षेत्रों में अवैध शराब बरामद
रेणुका जी पुलिस की टीम ने पनार में गुप्त सूचना के आधार पर दीप राम की दुकान की तलाशी ली, जहां से 4.5 लीटर अवैध शराब बरामद होने की बात कही गई है। पुलिस थाना रेणुका जी में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, पच्छाद पुलिस ने नैनाटिक्कर से सराहां की ओर जा रही गाड़ी संख्या HP16AA-1952 को रोककर तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक, वाहन मालिक श्याम दत्त निवासी गनियाना नाली के कब्जे से 12 बोतल देसी शराब बरामद हुई।
एक अन्य कार्रवाई में हरिपुरधार पुलिस चौकी की टीम ने चौरास में सूचना के आधार पर मोहन लाल निवासी चौरास को रोका। पुलिस का कहना है कि वह अपनी पीठ पर रखे बोरे में शराब लेकर ठठारना की ओर जा रहा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12 बोतल देसी शराब बरामद की गईं। इस संबंध में पुलिस थाना संगड़ाह में आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत किया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
सूरजपुर में दड़ा-सट्टा लगाने का आरोप
पांवटा साहिब पुलिस ने सूरजपुर के पास गश्त के दौरान गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को दड़ा-सट्टा लगाने के आरोप में पकड़ा। आरोपी की पहचान अब्दुल अजीजी निवासी ओल्ड हमीदा, जगाधरी, यमुनानगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी 50 रुपये के बदले 100 रुपये देने का लालच देकर लोगों से सट्टा लगवा रहा था। तलाशी में दड़ा-सट्टा पर्चियों के साथ 1,000 रुपये नकद बरामद हुए। उसके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।