18.81 ग्राम चिट्टा-हेरोइन के साथ चार गिरफ्तार, कांगड़ा पुलिस ने दो मामलों में कसा शिकंजा
बैजनाथ में गद्दे के नीचे छिपाकर रखा था नशा, कांगड़ा में रेन शेल्टर के पास दो युवक पकड़े
हिमाचल नाऊ न्यूज कांगड़ा
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 18.81 ग्राम चिट्टा-हेरोइन बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
जिला कांगड़ा पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पहले मामले में बैजनाथ पुलिस टीम ने एक रिहायशी परिसर की तलाशी ली। इस दौरान बिस्तर के गद्दे के नीचे छिपाकर रखा गया 6.35 ग्राम चिट्टा-हेरोइन बरामद हुआ।
मामले में आनंद गुरंग उर्फ किप्पू निवासी कथोग, बैजनाथ और राहुल वर्मा निवासी होशियारपुर, पंजाब को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना बैजनाथ में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरे मामले में पुलिस थाना कांगड़ा की टीम ने पुराने कांगड़ा रोड के समीप रेन शेल्टर पर दो व्यक्तियों को काबू किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 12.46 ग्राम चिट्टा-हेरोइन बरामद हुई। इस मामले में अमित कुमार उम्र 25 वर्ष निवासी बगली, तहसील कांगड़ा और निखिल व्यास उम्र 30 वर्ष निवासी मझाणू, पंचरुखी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस थाना कांगड़ा में एनडीपीएस अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस नशे के स्रोत और सप्लाई चेन तक पहुंचने के लिए गहन जांच कर रही है।
गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस द्वारा दो दिन के रिमांड की मांग की जाएगी।एसपी कुलभूषण वर्मा ने आम जनता से अपील की कि आसपास नशे के अवैध कारोबार में किसी व्यक्ति के संलिप्त होने की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।