Loading...

विधायक अजय सोलंकी ने वरिष्ठ नागरिकों को बताया प्रदेश के विकास का आधार ,बोले​ पेंशनर्स का सम्मान हमारी प्राथमिकता

By Shailesh Saini Published: 17 Dec 2025, 4:10 PM | Updated: 17 Dec 2025, 4:10 PM 1 min read

नाहन:

 जिला मुख्यालय नाहन के पायल रेस्तरां में बुधवार को ‘राष्ट्रीय पेंशनर दिवस’ बड़े ही हर्षोल्लास और सम्मान के साथ मनाया गया। यह अवसर केवल एक उत्सव का नहीं, बल्कि प्रदेश के निर्माण में अपना जीवन समर्पित करने वाले कर्मठ व्यक्तित्वों के प्रति आभार व्यक्त करने का भी रहा।

कार्यक्रम में स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

​जिला सिरमौर पेंशनर एंड सीनियर सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष ओएल चौहान, वरिष्ठ उपप्रधान जीएस पंवार और महासचिव प्रीतम सिंह चौहान सहित अन्य पदाधिकारियों ने विधायक अजय सोलंकी का हिमाचली गौरव ‘बुशहरी टोपी’ पहनाकर भव्य स्वागत किया।

​सौहार्दपूर्ण वातावरण में रखीं अपनी मांगें

​संबोधन के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष ओएल चौहान ने मुख्य अतिथि के समक्ष अपनी समस्याओं को बड़े ही सकारात्मक ढंग से साझा किया। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि जिस सरकार ने सत्ता में आते ही ओपीएस बहाल कर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है,

वहीं सरकार पेंशनर्स की लंबित मांगों जैसे कि एरियर, महंगाई राहत (DR) की बकाया किस्तें और जेसीसी (JCC) के गठन पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। पेंशनर्स ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री जल्द ही जेसीसी की बैठक बुलाकर इन वित्तीय मुद्दों का समाधान करेंगे।

​विधायक अजय सोलंकी ने पेंशनर्स को संबोधित करते हुए कहा कि बुजुर्गों का अनुभव और उनका मार्गदर्शन समाज की सबसे बड़ी पूंजी है।

उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा, “मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार कर्मचारियों और पेंशनर्स के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पेंशनर्स की लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री जल्द ही जेसीसी की बैठक बुला सकते हैं, जिसमें सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा कर समाधान निकाला जाएगा।

​बुजुर्गों की सहूलियत के लिए विधायक के बड़े ऐलान

​वरिष्ठ नागरिकों की स्थानीय समस्याओं पर त्वरित संज्ञान लेते हुए विधायक ने रानीताल स्थित डे-केयर सेंटर के लिए अपनी ओर से पंखे देने की घोषणा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि शहर में यातायात की सुगमता के लिए एक नई मुद्रिका बस चलाई जाएगी और आगामी ई-रिक्शा सेवा में बुजुर्गों के लिए न्यूनतम किराया सुनिश्चित किया जाएगा।

इसके अलावा, उन्होंने नाहन के ऐतिहासिक तालाबों के संरक्षण और बाजारों में दोपहिया वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही को रोकने के लिए प्रशासन के माध्यम से उचित कदम उठाने का भरोसा भी दिया।

इस मौके पर चीफ पैटर्न आरएस चौहान मुख्य सलाहकार आरपीएस ठाकुर, ज्वाइंट सेक्रेटरी धनवीर सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष नीना कौशिक, एचएस नेगी, रण सिंह भटनौर, एम आर पुंडीर, मुबारक अली, टी आर वर्मा आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Tags: