Loading...

प्रवक्ताओं ने वेतन में तीन प्रतिशत कटौती का किया विरोध

PRIYANKA THAKUR 27 Mar 2026 Edited 27 Mar 1 min read

Himachalnow / नाहन

हिमाचल प्रदेश विद्यालय प्रवक्ता संघ जिला सिरमौर ने बजट में श्रेणी-बी कर्मचारियों के वेतन में 3% कटौती का विरोध करते हुए इसे मध्यमवर्ग पर अतिरिक्त बोझ बताया है। संघ ने सरकार से निर्णय वापस लेने की मांग की है और शिक्षा विभाग के साथ शैक्षणिक मुद्दों पर चर्चा कर सहयोग का आश्वासन भी दिया।

नाहन

हिमाचल प्रदेश विद्यालय प्रवक्ता संघ जिला सिरमौर ने हाल ही में प्रस्तुत बजट में श्रेणी-बी कर्मचारियों के वेतन में तीन प्रतिशत कटौती के प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया है। संघ ने इसे मध्यमवर्गीय कर्मचारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताते हुए सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार की मांग उठाई है।संघ पदाधिकारियों ने संयुक्त बयान में कहा कि प्रवक्ता और अन्य श्रेणी-बी कर्मचारी लंबे समय से लंबित महंगाई भत्तों और एरियर में राहत की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन बजट में राहत के बजाय वेतन कटौती का प्रस्ताव सामने आने से कर्मचारियों में निराशा है।

संघ के अनुसार श्रेणी-बी में आने वाले अधिकांश कर्मचारी मध्यम वर्ग से संबंधित हैं और वे अपने परिवार की जिम्मेदारियों, बच्चों की पढ़ाई, मकान और वाहन ऋण की किस्तों तथा अन्य घरेलू खर्चों के लिए मासिक वेतन पर पूरी तरह निर्भर हैं। ऐसे में वेतन में कटौती का सीधा असर उनकी घरेलू आर्थिक व्यवस्था पर पड़ेगा।संघ ने कहा कि इस प्रकार की कटौती कर्मचारियों की वित्तीय स्थिति को असंतुलित कर सकती है और इससे मानसिक दबाव भी बढ़ेगा। पदाधिकारियों ने सरकार से आग्रह किया कि कर्मचारियों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय को वापस लिया जाए।

उधर, हिमाचल प्रदेश विद्यालय प्रवक्ता संघ जिला सिरमौर का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष डॉ. आई. डी. राही की अध्यक्षता में स्कूल शिक्षा उच्च के शिक्षा उपनिदेशक का कार्यभार देख रहे विजय कुमार राघव से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और जिले से जुड़ी विभिन्न शैक्षणिक समस्याओं से भी अवगत करवाया।संघ ने शिक्षा विभाग को आश्वस्त किया कि वह छात्रहित से जुड़े हर मुद्दे पर सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा।

संयुक्त बयान जारी करने वालों में राज्य चेयरमैन सुरेंद्र पुंडीर, राज्य विशिष्ट सदस्य नरेंद्र नेगी, जिला अध्यक्ष डॉ. आई. डी. राही, राज्य संरक्षक रमेश नेगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय शर्मा, महिला विंग सिरमौर अध्यक्ष संध्या चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, महासचिव दिनेश शर्मा और कोषाध्यक्ष लाल सिंह ठाकुर सहित अन्य राज्य एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य शामिल रहे।प्रतिनिधिमंडल में जिला महासचिव दिनेश शर्मा, राज्य कार्यकारिणी सदस्य संजय कुमार, उपमंडल पांवटा खंड प्रधान बलदेव चौहान, लेखराज ठाकुर और राजकुमार सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।