HNN/नाहन
जिला सिरमौर में एक ही दिन में 5 अलग-अलग हादसों में 2 मासूम बच्चों सहित 5 लोगों की मौत हो गई। गत वीरवार को पहले नवरात्र पर सामने आए इन हादसों से कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिला सिरमौर में ये हादसे अलग-अलग स्थानों पर हुए।
यहां हुए ये हादसे
जिला मुख्यालय नाहन से सटे जुड्डा का जोहड़ के समीप ट्रक खाई में लुढ़कने से चालक की मौत हो गई। यह हादसा बुधवार मध्यरात्रि के आसपास हुआ, जिसका वीरवार शाम पता चला। ट्रक ईंटों से भरा था। मृतक की पहचान कासमदीन (48) पुत्र उम्रदीन निवासी गांव कुमड़ा, डाकघर देवत, तहसील चौपाल, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन भेजा है, जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
दूसरा हादसा पांवटा साहिब-शिलाई नेशनल हाइवे पर गोंदपुर के समीप हुआ, जहां एक गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राकेश चौधरी निवासी गांव ज्वालापुर तहसील पांवटा साहिब के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार बाइक सवार युवक बद्रीपुर से गोंदपुर की तरफ जा रहा था। इस बीच एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उसको टक्कर मार दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।
तीसरा हादसा कोलर गांव के पास हुआ, जहां हिट एंड रन के मामले में 10 साल के बच्चे की जान गई। एक तेज रफ्तार बाइक ने ट्यूशन से घर लौट रहे निहाल को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल निहाल को मेडिकल कालेज नाहन पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. मासूम की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे यहीं नहीं थमे. चौथी घटना कालाअंब के अंतर्गत मीरपुर गांव की है। यहां 13 वर्षीय किशोर की रुण नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान तनुज पाल पुत्र केसर सिंह के रूप में हुई है। हादसा उस वक्त सामने आया, जब तनुज अपने दिव्यांग पिता केसर सिंह के साथ भैंसों को चराने के लिए रुण नदी के किनारे आया था। बताया जा रहा है कि भैंसे चरते-चरते गहरे पानी में उतर गई। भैंसों को बाहर निकालने के प्रयास में तनुज खुद भी पानी में चला गया, जिसे तैरना नहीं आता था। पानी में उतरते ही उसका पांव फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उसे पानी से बाहर निकाल तुरंत ईलाज के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन ले जाया गया, जहां पर ड्यूटी पर तैनात डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक अन्य मामले में कालाअंब पुलिस ने त्रिलोकपुर प्रवेशद्वार पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया, जिसे कब्जे में लेकर नाहन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त व्यक्ति काफी समय से त्रिलोकपुर के प्रवेश द्वार के किनारे रह रहा था, जिसे लोगों द्वारा खाना दिया जाता था। शव की शिनाख्त करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा ने बताया कि इन सभी घटनाओं में संबंधित पुलिस थाना में केस दर्ज किए गए है। पुलिस जांच कर रही है।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





