Loading...

हिमाचल प्रदेश में फिर बिगड़ेगा मौसम, भारी बारिश का अलर्ट

By NEHA Published: 24 Sep 2024, 11:38 AM | Updated: 24 Sep 2024, 11:38 AM 1 min read

HNN/शिमला

हिमाचल प्रदेश में मौसम फिर बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के कई भागों में 26 और 27 सितंबर को बारिश होने का पूर्वानुमान है। 26 सितंबर के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर 29 सितंबर तक मौसम खराब बना रहने की संभावना है। 30 सितंबर से मौसम फिर साफ रहने के आसार हैं।

राज्य में जगह-जगह भूस्खलन से मंगलवार सुबह 10:00 बजे तक 23 सड़कें आवाजाही के लिए बाधित रहीं। इसके अलावा एक पुल और नौ ट्रांसफार्मर भी ठप रहे। प्रदेश में मानसून कमजोर होते ही पारा लगातार चढ़ रहा है। सोमवार को कांगड़ा में पहली बार अधिकतम तापमान सितंबर में 35 डिग्री पहुंचा। राजधानी शिमला में 30 साल बाद अधिकतम तापमान 28 डिग्री दर्ज हुआ।

प्रदेश में सितंबर के दौरान गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। हिमाचल के 16 स्थानों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक रहा। विभिन्न स्थानों पर न्यूनतम तापमान भी बढ़ा है, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।