Loading...

नशा मुक्त युवा विषय पर जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में अनमोल शर्मा बने विजेता, अब करेंगे राज्य स्तर पर ऊना का प्रतिनिधित्व

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

युवा सेवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत (माई भारत) द्वारा सोमवार को हिमकैप्स कॉलेज फॉर लॉ एंड नर्सिंग में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” विषय पर जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले भर से 30 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशा मुक्ति, युवा शक्ति तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अनमोल शर्मा ने अपने ओजस्वी, तथ्यपूर्ण और प्रेरणादायक भाषण से निर्णायक मंडल को प्रभावित करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। अपने संबोधन में उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का युवा यदि नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल और सकारात्मक सोच को अपनाए, तो विकसित भारत का सपना निश्चित रूप से साकार हो सकता है।

प्रेरक विचारों से जीता निर्णायकों का दिल

अनमोल शर्मा ने अपने भाषण में न केवल समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करने का संदेश दिया, बल्कि अपने जीवन के अनुभव भी साझा किए। उनके प्रेरक विचारों और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुति को सभी ने खूब सराहा।

अब राज्य स्तर पर करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

इस शानदार उपलब्धि के साथ अब अनमोल शर्मा जिला ऊना का प्रतिनिधित्व राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में करेंगे। उनकी इस सफलता से परिवार, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।

अपनी जीत पर अनमोल शर्मा ने इसका श्रेय अपनी माताजी, गुरुजनों और अपने साथियों को देते हुए कहा कि उनके निरंतर मार्गदर्शन, विश्वास और सहयोग के बिना यह सफलता संभव नहीं थी। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर की प्रतियोगिता में भी वह पूरी मेहनत और लगन के साथ ऊना जिले का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगे।

यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि सही सोच, आत्मविश्वास और मेहनत के बल पर किसी भी मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है।

Related Topics: