Loading...

NDPS / लंबे समय से फरार उद्घोषित अपराधी युसुफ अली गिरफ्तार, पीओ सेल ने दबिश देकर पकड़ा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

NDPS : जिला सिरमौर पुलिस की पीओ सेल टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी युसुफ अली को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वर्ष 2021 में दर्ज गांजा बरामदगी के मामले में वांछित था और न्यायालय द्वारा उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया जा चुका था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उत्तराखंड के धर्मावाला चौक के पास दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।

सिरमौर/पांवटा साहिब

पुलिस के अनुसार अभियोग संख्या 62/21 दिनांक 31 मई 2021 थाना पुरुवाला में आरोपी के कब्जे से करीब चार क्विंटल गांजा बरामद किया गया था। मामले के बाद से युसुफ अली निवासी उपरली भंगाणी, तहसील पांवटा साहिब लगातार फरार चल रहा था। 11 मई 2023 को माननीय न्यायालय पांवटा साहिब ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई

26 जुलाई 2026 को पीओ सेल नाहन की विशेष टीम, जिसमें आरक्षी मोहित सेनी, मुख्य आरक्षी विनय और आरक्षी जगपाल शामिल थे, ने एसटीएफ देहरादून में तैनात दीपक चंदोला के सहयोग से धर्मावाला चौक (उत्तराखंड) के पास नाकाबंदी की। सूचना के अनुसार आरोपी सफेद रंग की एक्सयूवी-300 (UK07DN7796) में देहरादून से पांवटा साहिब की ओर आ रहा था। वाहन की जांच के दौरान चालक की पहचान युसुफ अली के रूप में हुई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले की जांच जारी

गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध थाना पुरुवाला में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगामी जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Related Topics: