Loading...

हिमाचल में आफत की बारिश, सड़कों पर मलबा आने से फंसी एचआरटीसी बसें

By Ankita Published: 4 Jul 2024, 12:50 PM | Updated: 4 Jul 2024, 12:52 PM 1 min read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश के कई भागों में भारी बारिश ने अपना कहर भी बरपाना शुरू कर दिया है। बारिश की वजह से अब जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं भी पेश आ रही है। भूस्खलन होने से कई मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़े है। मार्ग बंद होने से वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में 115 सड़कों पर आवाजाही ठप थी। सबसे ज्यादा सड़कें मंडी जिले में बाधित हैं। इसके अतिरिक्त राज्य में 212 बिजली ट्रांसफार्मर भी बाधित हैं। 17 जल आपूर्ति योजनाएं भी ठप हो गई हैं।

करसोग-ततापानी-शिमला सड़क पर मलबा आने से एचआरटीसी बस वहां फंस गई। करसोग उपमंडल के तलेहन में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई, यहां मलबे में एचआरटीसी बसें व अन्य कई वाहन फंस गए। बसें बुधवार रात को रात्रि ठहराव के लिए यहां खड़ी थी, लेकिन गुरुवार सुबह 4:00 बजे अचानक आए मलबे की चपेट में आ गईं।