अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ऊना में अस्मिता एथलैटिक्स प्रतियोगिता का हुआ आयोजन, बीजेपी विधायक सतपाल सत्ती ने मुख्यातिथि के रूप में की शिरकत
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जिला ऊना में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज अस्मिता एथलैटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता इंदिरा गांधी स्टेडियम, ऊना में आयोजित की गई।
कार्यक्रम का आयोजन खेलो इंडिया, माई भारत, भारतीय खेल प्राधिकरण एवं जिला युवा सेवाएं व खेल विभाग के सहयोग से किया गया है।
इस कार्यक्रम में बीजेपी विधायक सतपाल सत्ती ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत कर खेलों का शुभारंभ किया। मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाना, उनमें फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करना है।
उन्होंने सभी को महिला दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी हो और महिलाओं का हर क्षेत्र में योगदान हो, इसी सोच के साथ उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया जा रहा है।
आज की खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर व 400 मीटर दौड़ आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं में अंडर-13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की बालिकाएं और महिलाएं भाग ले रही हैं।
अस्मिता पहल की शुरुआत वर्ष 2021 में की गई थी, जिसका उद्देश्य देशभर में महिलाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाना, नई प्रतिभाओं की पहचान करना तथा युवाओं में स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना है।