अक्षय तृतीया भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर तीर्थ श्री रेणुका जी में पहुंची देव पालकियां
मंदिर परिसर में हवन यज्ञ में विस उपाध्यक्ष व अध्यक्ष रेणुका जी विकास बोर्ड विनय कुमार ने लिया हिस्सा
HNN/श्री रेणुका जी
अजर अमर भगवान विष्णु के छठे अवतार भृगुकुल नंदन भगवान परशुराम का जन्मोत्सव बैसाख शुक्ल अक्षय तृतीया को जिला सिरमौर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। तीर्थ श्री रेणुका जी चूंकि भगवान परशुराम की जन्मस्थली है, लिहाजा यहां भगवान परशुराम का जन्मोत्सव रेणुका जी विकास बोर्ड, सन्त समाज, स्थानीय श्रद्धालुओं के बीच तीन दिवसीय आयोजन के तहत मनाया जा रहा है।

इस कड़ी में परशुराम जी जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर ददाहू तहसील परिसर से जामु कोटि से चांदी की सुस्सजित देव पालकी के अलावा कटाह शीतला से भगवान परशुराम की देव पालकियों की शोभायात्रा श्री रेणुकाजी के लिए पारंपरिक वाद्य यंत्रों, देवलुओं व भगवान परशुराम के जय जयकारों के बीच आगे बढ़ी।
वहीं आज तीर्थ श्री रेणुकाजी के भगवान परशुराम प्राचीन देवठी परिसर में हवन यज्ञ का आयोजन हुआ। जिसमें विधानसभा उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष रेणुकाजी विकास बोर्ड विनय कुमार ने मुख्य तौर पर शिरकत कर पूर्णाहुति में भाग लिया।
इससे पूर्व यहां रात्रि भजन संध्या का आयोजन हुआ। उपाध्यक्ष विस एवं चेयरमैन रेणुकाजी विकास बोर्ड ने कहा कि भगवान परशुराम जन्मोत्सव को बोर्ड द्वारा आगामी समय में और भी विस्तार से मनाया जाएगा। साथ ही तीर्थ के विकास के लिए बोर्ड द्वारा प्रयास जारी रखे जाएंगे।