अगले सत्र से प्रदेश में 100 सीबीएसई स्कूल होंगे शुरूः मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए घोषणा की कि अगले शैक्षणिक सत्र से प्रदेश के 100 सरकारी स्कूल सीबीएसई पैटर्न पर संचालित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि इस योजना से जुड़ी सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं।
सीबीएसई स्कूलों के भवन और वर्दी का रंग होगा अलग
मुख्यमंत्री ने बताया कि सीबीएसई पैटर्न पर चलने वाले स्कूलों का भवन और विद्यार्थियों की वर्दी का रंग अन्य स्कूलों से अलग होगा। इन स्कूलों में स्मार्ट कक्षाएं और मैस की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन और बेहतर शिक्षण माहौल मिल सके।
अभी तक 86 स्कूलों की पहचान पूरी
शिक्षा विभाग ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि अब तक प्रदेशभर में सीबीएसई मापदंडों को पूरा करने वाले 86 स्कूलों की पहचान की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि शेष स्कूलों को भी जल्द से जल्द इन मापदंडों के अनुरूप तैयार किया जाए।
गुणात्मक शिक्षा की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और इसके लिए धन की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकार के प्रयासों से हिमाचल प्रदेश शिक्षा गुणवत्ता रैंकिंग में 21वें स्थान से 5वें स्थान पर पहुंचा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए विशेष प्रयास जारी हैं।
डे-बोर्डिंग स्कूलों और कॉलेजों की होगी विशेष व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तेजी से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में खेलकूद और अन्य गतिविधियों के लिए पर्याप्त जगह होनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि हर जिले में अत्याधुनिक कॉलेज स्थापित करने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है, ताकि विद्यार्थियों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।