Loading...

अगले 4 दिन नहीं मिलेगी एचआरटीसी बसें, 95 प्रतिशत रूट रहेंगे बंद…

SAPNA THAKUR • 8 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN/ नाहन

जिला सिरमौर में लोगों को हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसें न होने के कारण भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। प्रदेश सहित जिला सिरमौर में 12 नवंबर को हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। ऐसे में पोलिंग पार्टियों को ले जाने के लिए चुनाव आयोग की तरफ से जिला सिरमौर में तकरीबन सौ बसों की डिमांड की गई है। इसी को देखते हुए परिवहन विभाग ने पोलिंग पार्टियों को बूथ तक ले जाने और वहां से फिर वापस लाने के लिए तकरीबन 100 बसें भेजने का फैसला किया है।

नाहन विधानसभा क्षेत्र के लिए 20, पच्छाद 22, श्री रेणुका जी 25, पांवटा साहिब 13 और शिलाई विधानसभा क्षेत्र के लिए 20 बसें भेजी जाएंगी। ऐसे में 10 नवंबर से लेकर 13 नवंबर के बीच जिला में तकरीबन 95 प्रतिशत रूट प्रभावित रहेंगे। बता दें, निगम के नाहन डिपो में वर्तमान में 112 के करीब बसें हैं। इनमें से 100 बसें जाने के बाद केवल 12 बसें ही डिपों के पास रह जाएंगी।

ऐसे में 4 दिनों तक ना केवल सरकारी कर्मचारियों बल्कि स्कूली बच्चों, कॉलेज के विद्यार्थियों सहित प्राइवेट क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव बिष्ठ ने बताया कि प्रशासन की ओर से 100 बसें मांगी गई हैं। ऐसे में 10 से 13 नवंबर तक जिले में 95 फीसदी रूट बंद रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपने स्तर पर आवागमन की व्यवस्था करने की अपील की है।