Loading...

अग्निवीर भर्ती हुई शुरू, 2310 अभ्यर्थी ले रहे भाग, आज इतने…..

PARUL • 20 Dec 2023 • 1 Min Read

HNN/मंडी

जिला मंडी के पड्डल मैदान में आज से अग्निवीरों की भर्ती रैली प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस भर्ती रैली में सेना भर्ती कार्यालय मंडी के अंतर्गत आने वाले तीन जिलों मंडी, कुल्लू और लाहौल- स्पीति के 2310 अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं। डीसी मंडी अरिंदम चौधरी द्वारा भर्ती रैली प्रक्रिया को झंडी दिखाकर शुरू किया गया। भर्ती रैली के पहले दिन जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति की सभी तहसीलों के 315 अभ्यर्थियों को बुलाया गया।

कर्नल डी.एस. सामंत ने बताया कि मौसम परिवर्तन के कारण भर्ती की प्रक्रिया थोड़ी देरी से शुरू की जा रही है। ताकि आए हुए अभ्यार्थियों को पूरा मौका दिया जा सके। उन्होंने बताया कि इस बार भर्ती स्थल पर एक बड़ी घड़ी भी लगाई गई है ताकि दौड़ में भाग ले रहे अभ्यार्थियों को समय देखने का पूरा मौका मिल सके। उन्होंने बताया कि इससे पहले भर्ती करवा रहे कर्मियों द्वारा ही अनाउंस करके समय की जानकारी दी जाती थी।

उन्होंने बताया कि जिला मंडी के लिए 21 दिसंबर यानि कल भर्ती का आयोजन किया गया है। जिसमें औट, बागाचुनौगी, बालीचौकी, बलद्वाड़ा, बल्ह, भदरोता, चच्योट, छतरी, डैहर, ढलवाहन और धर्मपुर तहसीलों के 543 अभ्यार्थी भाग लेंगे। कर्नल डी.एस. सामंत ने बताया कि 22 दिसंबर को मंडी जिला की जोगिन्द्रनगर, करसोग, कटौला, कोटली, लड़भड़ोल, मकरीडी और मंडप तहसीलों के 504 अभ्यार्थी और 23 दिसंबर को निहरी, पधर, पांगणा, रिवालसर, संधोल, सरकाघाट, सुंदरनगर, थाची, थुनाग, टीहरा और टिक्कन तहसीलों के 553 अभ्यर्थी भाग लेंगे।

जबकि 24 दिसंबर को मंडी सदर तहसील के 186 अभ्यर्थी भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त 24 को ही अग्निवीर क्लर्क पदों के लिए 182, टेक्निकल पदों के लिए 82 और ट्रेड्समैन पदों के लिए 25 अभ्यर्थी भाग लेंगे। इसके अलावा मौसम को ध्यान में रखते हुए दो दिन रिजर्व रखे गए हैं।