अजय सोलंकी का केंद्र पर हमला, बोले—राहुल गांधी की आवाज नहीं दबा पाएगी मोदी सरकार
राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में नाहन की सड़कों पर उतरी कांग्रेस, जमकर नारेबाजी कर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
हिमाचल नो न्यूज़
दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार देर शाम जिला मुख्यालय नाहन में कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नाहन के विधायक अजय सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त सिरमौर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में मार्च निकालते हुए “राहुल गांधी जिंदाबाद”, “लोकतंत्र की हत्या बंद करो”, “देश के युवाओं को बचाना होगा, मोदी सरकार को भगाना होगा” जैसे नारों से माहौल गुंजायमान कर दिया। देर शाम तक चले प्रदर्शन में जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
इस दौरान विधायक अजय सोलंकी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी देश के किसानों, युवाओं, गरीबों और आम जनता की आवाज बनकर लगातार जनहित के मुद्दे उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक तरीके से उठाए जा रहे सवालों का जवाब देने के बजाय विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए एजेंसियों और पुलिस का दुरुपयोग कर रही है।

अजय सोलंकी ने कहा, “राहुल गांधी को हिरासत में लेना लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला है। विपक्ष की आवाज को दबाने की हर कोशिश नाकाम होगी। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहेगा।
देश संविधान से चलेगा, किसी की तानाशाही से नहीं।”उन्होंने कहा कि “मोदी सरकार जितना दमन करेगी, कांग्रेस उतनी ही मजबूती से जनता की लड़ाई लड़ेगी। राहुल गांधी की आवाज करोड़ों देशवासियों की आवाज है, जिसे किसी भी कीमत पर दबाया नहीं जा सकता।
“प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस नेताओं ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए पूरे घटनाक्रम पर निष्पक्ष कार्रवाई और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर नगर परिषद नाहन की अध्यक्ष उपमा धीमान, पार्षद राकेश गर्ग, पार्षद कपिल गर्ग सहित नगर परिषद के अन्य जनप्रतिनिधि, जिला कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि विपक्ष के खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।