हिमाचल में 10 फीसदी कम बरसा मानसून, 22 सितंबर से साफ रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ने के साथ इसकी विदाई की संभावना बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 22 से 25 सितंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रह सकता है। राज्य में इस मानसून सीजन के दौरान अब तक औसतन 631 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जो 701 मिलीमीटर की सामान्य वर्षा से 10 फीसदी कम है।
शिमला
प्रदेश में पिछले दो दिनों से बारिश नहीं हुई है और शनिवार को भी अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला का अनुमान है कि 20 और 21 सितंबर को ऊंचाई वाले क्षेत्रों को छोड़कर राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। केंद्र के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार हिमाचल में मानसून अभी सक्रिय है, लेकिन इसकी तीव्रता कमजोर हो गई है। प्रदेश से मानसून की विदाई की सामान्य तारीख 25 सितंबर के आसपास रहती है, जबकि इस वर्ष जून के अंत में मानसून ने राज्य में प्रवेश किया था।
सात जिलों में सामान्य से कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मानसून सीजन में बिलासपुर, किन्नौर, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इसके विपरीत चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, लाहुल-स्पीति, मंडी, सोलन और ऊना में बारिश सामान्य से कम रही। शिमला जिले में सामान्य से सर्वाधिक 15 फीसदी अधिक बारिश हुई, जबकि लाहुल-स्पीति में सामान्य के मुकाबले 63 फीसदी कम वर्षा दर्ज की गई।
सितंबर में अब तक पूरे हिमाचल प्रदेश में सामान्य से सात फीसदी कम बारिश हुई है। हालांकि इस अवधि में कांगड़ा, किन्नौर, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई। मौसम के मौजूदा रुझान और मानसून की कमजोर सक्रियता को देखते हुए 22 से 25 सितंबर के बीच प्रदेशभर में मौसम साफ रहने की संभावना है। इसी अवधि के दौरान राज्य से मानसून की औपचारिक विदाई भी हो सकती है।