अज्ञात युवकों ने 3 व्यक्तियों के साथ की मारपीट, मामला दर्ज
HNN/ बिलासपुर
बिलासपुर सदर पुलिस थाना क्षेत्र के तहत लखनपुर में कुछ लोगों ने 3 व्यक्तियों के साथ डंडों एवं ग्रिप से मारपीट की है। इसके साथ ही जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में किब्बती ठाकुर निवासी तरेड़ डाकघर चांदपुर तहसील सदर जिला बिलासपुर ने बताया कि वह लखनपुर स्थित बीडीओ कार्यालय के बाहर चाय की दुकान पर अपने दोस्तों मोहित, रोहित के साथ बैठा था। इस दौरान कुछ लड़के एक कार व अन्य 3 व्यक्ति दूसरे कार में आए। जिन्हें वह नहीं जानते थे।
इन लड़को ने पहले उन्हें गंदी गालियां दी और इसके बाद इन सभी ने उनके साथ डंडों व ग्रिप से मारपीट की। इस मारपीट में उन्हें चोटें आई हैं। किब्बती ठाकुर ने आरोप लगाया कि इन लड़कों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। उधर, डीएसपी जिला मुख्यालय मदन धीमान ने मामले की पुष्टि की है।
