Loading...

पांवटा साहिब में 10 हजार की रिश्वत लेते आरओ सुमंत गिरफ्तार, डीएसपी रमाकांत ठाकुर की टीम ने रंगे हाथों दबोचा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

यमुना नदी से रेत उठाने के मामले में दो ट्रैक्टर जब्त करने की धमकी देकर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगना भगानी में तैनात आरओ सुमंत को भारी पड़ गया। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने पांवटा साहिब में योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाकर आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई में डीएसपी जिला सिरमौर विजिलेंस रमाकांत ठाकुर की टीम शामिल रही।

नाहन / पांवटा साहिब

यमुना से रेत उठाने पर दो ट्रैक्टर जब्त करने की धमकी देकर मांगी थी रिश्वत, विजिलेंस ने बिछाया जाल

मामला भगानी क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता इकराम पुत्र इकबाल, निवासी बागनी, पेशे से मजदूर है। उसने विजिलेंस को शिकायत दी थी कि आरओ सुमंत ने उसके बहनोई जुल्फान को यमुना नदी से रेत उठाने के मामले में दो ट्रैक्टर जब्त करने की धमकी दी थी। आरोप है कि इस कार्रवाई से बचाने के एवज में अधिकारी ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने कार्रवाई की योजना तैयार की। तीन नवंबर को इंस्पेक्टर मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम ने पांवटा साहिब में ट्रैप लगाया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

इस मामले में विजिलेंस थाना नाहन में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

एसपी विजिलेंस दक्षिण रेंज एनके शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तीन नवंबर को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ट्रैप कार्रवाई सफल रही और आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।

Related Topics: • •