बैंक से 50 हजार निकालकर घर पहुंचे बुजुर्ग, गेट पर ही जेब से नकदी गायब
नाहन में बैंक से घर तक पीछा किए जाने का आरोप, बुजुर्ग ने डीएसपी को सौंपी शिकायत; सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शुरू की जांच
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
बैंक से नकदी निकालकर घर लौट रहे हैं तो सतर्क रहिए! हो सकता है कि बैंक से निकलते ही कोई आपकी रेकी कर रहा हो। नाहन में 80 वर्षीय बुजुर्ग के साथ हुई 50 हजार रुपये की चोरी की घटना ने शहर में लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आरोप है कि दो से तीन युवक बैंक से ही बुजुर्ग का पीछा कर रहे थे और घर के गेट पर मौका मिलते ही उनकी जेब से नकदी निकालकर फरार हो गए। घटना के बाद अब बैंक से नकदी निकालने वाले बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
मामला नाहन के जैन मंदिर के समीप रहने वाले विजय कुमार जैन का है। उन्होंने 3 नवंबर को डीएसपी मुख्यालय को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच और आरोपियों की पहचान करने की मांग की है। शिकायत के अनुसार, 2 नवंबर सोमवार को दोपहर करीब 2:30 बजे उन्होंने बैंक से 50 हजार रुपये निकाले और नकदी अपनी पैंट की दाहिनी जेब में रख ली।
विजय जैन के मुताबिक, बैंक से निकलने के बाद वह दिल्ली गेट, बड़ा चौक होते हुए जैन बाजार वाली गली से अपने घर पहुंचे। इस दौरान दो से तीन युवक कभी आगे तो कभी पीछे चलते हुए उनका पीछा कर रहे थे। जैसे ही वह घर के गेट पर ताला खोलने लगे, दो युवक उनके नजदीक आ गए। इसी बीच किसी ने उनकी दाहिनी जेब से 50 हजार रुपये निकाल लिए।
पीड़ित के अनुसार, वारदात के दौरान एक युवक ने उनसे बस स्टैंड जाने का रास्ता भी पूछा। उन्होंने युवक को रास्ता बता दिया और इसके बाद युवक वहां से चले गए। घर पहुंचने के करीब एक घंटे बाद जब उन्हें नकदी की याद आई तो जेब से रुपये गायब मिले। इसके बाद उन्होंने आसपास तलाश की और बैंक जाकर भी जानकारी जुटाई, लेकिन नकदी का कोई पता नहीं चला।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे संदिग्धों के चेहरे
शिकायतकर्ता ने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के बाद कुछ युवकों पर संदेह जताया है। उनका दावा है कि फुटेज में संदिग्ध युवकों के चेहरे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में पुलिस के लिए बैंक से लेकर घर तक के रास्ते में लगे कैमरों की फुटेज को जोड़कर संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाना अहम होगा।
बैंक से निकलते ही बरतें सावधानी
यह घटना शहरवासियों के लिए सतर्क रहने का संदेश भी है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और अकेले बैंक जाने वाले लोगों को नकदी निकालने के बाद अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। बैंक से निकलते समय आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें। बड़ी रकम लेकर अकेले घर लौटने से बचें और संभव हो तो किसी परिचित को साथ रखें। रास्ते में कोई संदिग्ध व्यक्ति लगातार पीछा करता दिखाई दे तो तुरंत पुलिस या किसी सुरक्षित स्थान पर संपर्क करें। त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ का फायदा उठाकर इस तरह की वारदातों की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उधर, डीएसपी मुख्यालय शक्ति सिंह ने बताया कि इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि कोई गिरोह अचानक सक्रिय हुआ हो। पीड़ित की शिकायत मंगलवार को प्राप्त हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अपराधी पुलिस के शिकंजे में होंगे। डीएसपी ने लोगों से भी अपील की कि त्योहारों के सीजन में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व वारदातों को अंजाम दे सकते हैं। इसलिए लोग सतर्क रहें और अपने आसपास की गतिविधियों पर नजर रखें।