अदालत ने नशे के सौदागर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
HNN/ नाहन
जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में कच्चा टैंक पुलिस ने हरियाणा के नारायणगढ़ से गिरफ्तार नशे के सौदागर को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में नाहन जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कच्चा टैंक पुलिस ने नाहन के दोड़सका में 20 जुलाई को दो युवकों से नशे के कैप्सूल बरामद किए थे। इनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने मुख्य सप्लायर को पकडऩे के लिए जाल बिछाया, जिसका पता हरियाणा के नारायणगढ़ का बताया गया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी शिव कुमार पुत्र सरजन सिंह निवासी घड़ोली, डाकघर शहजादपुर, तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला (हरियाणा) को सोमवार को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे नाहन की अदालत में पेश किया गया।
बता दें कि पुलिस चौकी कच्चा टैंक ने चार दिन पहले दोसड़का के पास स्कूटी सवार जगतेश्वर धीमान निवासी कच्चा टैंक और राकेश कुमार निवासी बाल्मीकी बस्ती, छोटा मंदिर नाहन से 40 नशीले कैप्सूल बरामद किए थे। इनसे पूछताछ के बाद पुलिस मुख्य सप्लायर तक पहुंची और उसे गिरफ्तार किया। मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर रमन कुमार मीणा ने की है।