अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर से टकराई बाइक, हादसे में एक की मौत, दूसरा जख्मी
HNN/ऊना
जिला ऊना के सदर से एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। जहां एक बाइक अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर से टकरा गई है। हादसे में एक युवक की मौत हो गई है जबकि दूसरा बाइक सवार जख्मी हुआ है। मृतक की पहचान हर्षित पुत्र प्रेम कुमार निवासी दाडलाघाट, जिला सोलन के रूप में हुई है। घायल की पहचान अनमोल निवासी संतोषगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात दोनों दोस्त बाइक पर सवार होकर संतोषगढ़ से ऊना आ रहे थे। इसी दौरान जब वह जलग्रां नामक स्थान पर पहुंचे तो युवक अचानक बाइक से संतुलन खो बैठा और बाइक अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों द्वारा दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घायल अनमोल का क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार हो रहा है। तो वहीं हर्षित को अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद हर्षित के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद उसके शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। संजीव भाटिया एएसपी ऊना द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।