अनियंत्रित होकर खाई ने गिरी बोलेरो गाड़ी, दो की मौत, 6 जख्मी
HNN/शिमला
राजधानी शिमला में उपमंडल रोहडू के अंतर्गत गुजांदली-देवरीघाट संपर्क मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां चरोट कैंची में एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि छह लोग घायल हुए हैं।
मृतकों की पहचान बहादुर सिंह पुत्र बोखला निवासी गांव गुजादंली तहसील टिक्कर जिला शिमला और उनके पोते अक्षत (10) पुत्र कांशी राम निवासी गांव गुजांदली के रूप में हुई है। घायलों की पहचान पूनम पत्नी कांशी राम निवासी गांव गुजांदली तहसील टिक्कर, सत्या देवी पत्नी मंगत राम निवासी गांव बराल तहसील टिक्कर, सीमा निवासी गांव टिक्कर, सीमा पुत्री वीर नेपाली, मीना पत्नी रामू निवासी गांव टिक्कर और अमर पुत्र तुलाराम के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग बोलेरो में सवार होकर गुजादंली-देवरीघाट संपर्क मार्ग से नरैण मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान चरोट कैंची के पास चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में दादा पोते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए है। हादसे की खबर लगते ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के मदद से घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला। जिसके बाद उन्होंने शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। जबकि घायलों का रोहड़ू अस्पताल में उपचार चल रहा है। डीएसपी रोहडू रविंद्र कुमार नेगी द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।