अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, दो घायल
HNN/मंडी
जिला मंडी में सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एक सड़क हादसा पेश आया है। जहां एक लंबाथाच के पास एक कार खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो व्यक्ति घायल हुए हैं। घायलों की पहचान केशव राम गांव शिल्हीबागी और वेद प्रकाश गांव शिल्हीबागी तहसील थुनाग के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केशव राम और वेद प्रकाश कार (एचपी 87 1491) में सवार होकर शिल्हीबागी से लंबाथाच की ओर आ रहे थे। इसी दौरान जब वह लंबाथाच के पठार के पास पहुंचे तो चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दोनों व्यक्ति घायल हो गए। जिसमें वेद प्रकाश गंभीर रूप से घायल हुआ है। जबकि केशव राम को हल्की चोटें आई हैं।
हादसे की खबर लगते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल बगस्याड़ ले गए। जहां पर वेद प्रकाश उपचाराधीन है। जबकि केशव राम को पूरी तरह से स्वस्थ बताया जा रहा है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस की ओर से एआईओ जंजैहली भरत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।