अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, दो की मौत, तीन जख्मी
HNN/शिमला
राजधानी शिमला के ढली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। जहां शिमला- सुन्नी रोड पर बल्देयां के पास एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में बाप-बेटे की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान 72 वर्षीय ईश्वरदास व उनके बेटे बाल कृष्ण (42) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक परिवार के पांच सदस्य कार (HP 30-6983) में सवार होकर लोहड़ी मनाने शिमला से करसोग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जब वह शिमला से करीब 14 किलोमीटर दूर बल्देयां के पास पहुंचे तो चालक अचानक ही वाहन से संतुलन खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार 72 वर्षीय ईश्वरदास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार कार सवार घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। जहां पर कार चालक बाल कृष्ण की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि बाल कृष्ण की पत्नी रक्षा, उनके बेटे व बेटी का आईजीएमसी में इलाज चल रहा है। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एसपी शिमला संजीव गांधी द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।