अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत, 3 जख्मी
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला के ठियोग में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है, यहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार तीन लोग बुरी तरह जख्मी हुए है। सभी घायलों को आईजीएमसी शिमला में उपचार दिया जा रहा है।
मृतक की पहचान सुंदरनलाल निवासी गांव पउची कुमारसैन जिला शिमला के रूप में हुई है, जबकि घायलों की पहचान सौरव शर्मा निवासी पउची गांव, संतोष शर्मा निवासी पउची और सुनील शर्मा निवासी पउची कुमारसैन के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, कार में सवार होकर चार लोग कंदरू में एक भांजे के बेटे के उपनयन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान मत्याना से करीब दो किलोमीटर आगे निरोही बाबा मंदिर के समीप तीखे मोड़ पर उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को ठियोग अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद आईजीएमसी शिमला रैफर किया गया है। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।