अनियंत्रित होकर गहरे नाले में गिरी बोलेरो कैंपर, तीन की मौत, 1 जख्मी
HNN/शिमला
राजधानी शिमला में उपमंडल चौपाल के अंतर्गत धबास-सरांह मार्ग एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर सरांह सड़क से गहरे नाले में जा गिरी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है।
मृतकों की पहचान कमलेश ठाकुर (42) पुत्र जीत सिंह निवासी गांव डिमोह डाकघर सरांह तहसील चौपाल जिला शिमला, देवदत्त शर्मा (35) पुत्र मुखराम निवासी गांव जसौत डाकघर सरांह तहसील चौपाल जिला शिमला, राजेश (42) पुत्र वेश राम निवासी गांव व डाकघर सरांह तहसील चौपाल जिला शिमला के रूप में हुई हैं।
घायल की पहचान दिनेश झरटा पुत्र शेर सिंह निवासी गांव डिमोह डाकघर सरांह तहसील चौपाल जिला शिमला के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारों लोग बोलेरो कैंपर में सवार होकर धबास से सरांह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जब वह धबास कैंची से करीब 4 किलोमीटर आगे चफलाह मोड़ पर पहुंचे तो गाड़ी अनियंत्रित होकर सरांह सड़क से नीचे करीब चार सौ मीटर गहरे नाले में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल चौपाल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने तीन व्यक्तियों को मृत घोषित कर दिया। हालांकि घायल दिनेश का सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।