HNN/बिलासपुर
जिला बिलासपुर में किरतपुर-मनाली फोरलेन पर रोहिण में एक सड़क हादसा पेश आया है। जहां एक कार पहाड़ी से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों की पहचान धैर्य नारंग निवासी फरीदाबाद दिल्ली, अमित नारंग निवासी फरीदाबाद दिल्ली, सुमित शर्मा, अभय राज प्रताप सिंह और विवेक कुमार निवासी बलबीर नगर शाहदरा उत्तरी-पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांचों युवक कार में सवार होकर दिल्ली से मनाली घूमने जा रहे थे। इसी दौरान रोहिण के पास पहुंचते ही कार चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर फोरलेन किनारे लगे मील स्टोन को तोड़ते हुए पहाड़ी जा टकराई और फोरलेन पर ही पलट गई। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से निकालकर एंबुलेंस से सिविल अस्पताल सुंदरनगर ले गए।
जहां से तीन घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि दो घायलों को नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन मेडिकल कॉलेज रेफर किए घायलों में से भी एक गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया। मामले की पुष्टि डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने की है।

