नाहन-श्रीरेणुकाजी सड़क पर भूमि कटाव से चार मकानों को खतरा, ग्रामीणों ने मांगा मुआवजा
नाहन-श्रीरेणुकाजी सड़क पर पिछले दो वर्षों से हो रहे भूस्खलन और भूमि कटाव के कारण ग्राम पंचायत नेहली धीडा में चार मकानों पर खतरा बताया गया है। ग्रामीणों ने एडीसी सिरमौर एकता काप्टा को ज्ञापन सौंपकर मौके का निरीक्षण कराने, सुरक्षा और जल निकासी की व्यवस्था करने तथा प्रभावित निजी भूमि के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
नाहन
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि भारी वर्षा के कारण लिंक रोड बंद होने और वर्षा जल की उचित निकासी नहीं होने से पत्थर और मलबा उनकी निजी भूमि तक पहुंच गया। इससे भूमि का कटाव बढ़ने के साथ आसपास स्थित मकानों के लिए भी खतरा पैदा हो गया है। उनका कहना है कि समस्या के संबंध में वर्ष 2025 के दौरान लोक निर्माण विभाग को कई बार सूचित किया गया, लेकिन आवश्यक कार्रवाई नहीं हुई।
पंचायत प्रधान सुनीता देवी की अध्यक्षता में हुई ग्राम सभा की विशेष बैठक में इस समस्या पर चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर कहा गया कि प्रभावित स्थान के नीचे चार मकान स्थित हैं। लगातार भूमि कटाव और पानी के बहाव के कारण इन मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। ग्रामीणों ने चेताया कि समय रहते सुरक्षा कार्य और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में जान-माल और संपत्ति को गंभीर नुकसान हो सकता है।
निरीक्षण और नुकसान के आकलन की मांग
ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन और विधायक से मामले का तत्काल संज्ञान लेने तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश देने की मांग की है। उन्होंने राजस्व विभाग से प्रभावित परिवारों की निजी भूमि को हुए नुकसान का आकलन करवाने और नियमानुसार मुआवजा या भरपाई दिलाने का आग्रह भी किया। ग्रामीणों का कहना है कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा उपाय और पानी की निकासी सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि भूमि कटाव को आगे बढ़ने से रोका जा सके।