अनियंत्रित होकर पैराफिट से टकराई बाइक, 22 वर्षीय युवक की मौत
HNN/ सोलन
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे है। मामला जिला सोलन के पुलिस थाना परवाणू के अंतर्गत नेशनल हाईवे-5 का है, यहां एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के साथ बनी नाली के साथ बने पैराफिट से टकरा गई।
हादसे में एक युवक की जान चली गई है। इसके अलावा बाइक सवार दूसरा युवक जख्मी हुआ है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय सौरव पांडे निवासी मौली जागरां के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पुलिस ने घटना के संदर्भ में आगामी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सौरव पांडे और सुमित चौधरी (23) चंडीगढ़ से सोलन की ओर बाइक पर जा रहे थे। टिपरा के समीप एक तीखे मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के साथ बनी नाली के साथ बने पैराफिट से टकरा गई। दुर्घटना में सौरव पांडे की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि सुमित चौधरी को चोटें आई हैं। डीएसपी प्रणव चौहान ने मामले की पुष्टि की है।