अवैध खनन करने वालों के खिलाफ पांवटा साहिब पुलिस की कार्यवाही
विशेष अभियान के दौरान 10 चालान कर वसूला 42,500 रुपये जुर्माना
HNN/ पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में अवैध खनन के मामले दिन-प्रतिदिन बढ़ते ही जा रहे हैं। अवैध खनन को रोकने के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें खनन माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही कर उनसे हजारों रुपए का जुर्माना भी वसूला गया है।
जानकारी के मुताबिक, डीएसपी अदिति सिंह ने पांवटा साहिब में यमुना नदी, गिरी नदी, टौंस नदी व बाता नदी में हो रहे अवैध खनन को रोकने के लिए एक विशेष अभियान चलाया था। डीएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया था कि वह अवैध खनन को रोकने के लिए भरसक प्रयास करें तथा अवैध खनन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाए।
इस विशेष अभियान के दौरान माइनिंग एक्ट के 10 चालान किए गए तथा 42,500 रुपये जुर्माना वसूल किया गया। डीएसपी अदिति सिंह पांवटा साहिब ने कहा कि आगे भी इसी तरह से अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्यवाही जारी रहेगी।