Loading...

हरोली में प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की जयंती पर उमड़ा जनसमूह, साइंस ब्लॉक की रखी आधारशिला

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 50 Mins Ago • 1 Min Read

प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की जयंती पर मंगलवार को हरोली स्थित उनके नाम के राजकीय महाविद्यालय में स्मृति एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और करीब 9.50 करोड़ रुपये से बनने वाले साइंस ब्लॉक की आधारशिला रखी। समारोह में हजारों लोगों ने भाग लिया, जबकि प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरदास मान की प्रस्तुति इसका प्रमुख आकर्षण रही।

ऊना/हरोली/वीरेंद्र बन्याल

समारोह में सुबह से ही लोगों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था और कुछ ही समय में महाविद्यालय परिसर भर गया। बड़ी संख्या में उपस्थित क्षेत्रवासियों, विद्यार्थियों और गणमान्य लोगों ने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री को श्रद्धापूर्वक याद किया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि उनकी स्मृतियां हरोली के लोगों के हृदय में आज भी जीवंत हैं। जरूरतमंदों की सहायता और लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने के कारण उनका क्षेत्रवासियों से आत्मीय संबंध था।

छात्राओं और शिक्षा को समर्पित रहा समारोह

कार्यक्रम में महाविद्यालय और स्कूलों की छात्राओं को मंच के ठीक सामने बैठाया गया, जबकि अन्य गणमान्य अतिथियों के लिए अलग व्यवस्था की गई थी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का जीवन बच्चों और शिक्षा के प्रति समर्पित रहा, इसलिए समारोह में भी बच्चों को केंद्र में रखा गया। उन्होंने शिक्षा का वातावरण बेहतर बनाने और आने वाली पीढ़ी के लिए अधिक अवसर उपलब्ध करवाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

9.50 करोड़ रुपये से बनेगा साइंस ब्लॉक

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में लगभग 9.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले साइंस ब्लॉक की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। नए विज्ञान भवन से विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी और महाविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष तक महाविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या एक हजार से अधिक हो जाएगी।

गुरदास मान की प्रस्तुति रही आकर्षण

समारोह में प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरदास मान ने प्रस्तुति दी। उनके गीतों के दौरान महाविद्यालय परिसर तालियों और संगीत से गूंजता रहा तथा उपस्थित लोगों ने देर तक कार्यक्रम का आनंद लिया। उपमुख्यमंत्री ने गुरदास मान को सम्मानित करते हुए हरोली आने के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को प्रसिद्ध कलाकार की प्रस्तुति सुनने का अवसर मिला है। कार्यक्रम में स्कूल और महाविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता की।

अध्यापन, शोध और सामाजिक सरोकारों से रहा जुड़ाव

प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का जन्म 29 सितंबर 1968 को मंडी में हुआ था। उपमुख्यमंत्री एवं हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री की धर्मपत्नी के रूप में उनका हरोली क्षेत्र के लोगों से आत्मीय जुड़ाव था। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के लोक प्रशासन विभाग में वरिष्ठ प्रोफेसर रहते हुए उन्होंने अध्यापन और शोध में योगदान दिया। उनके मार्गदर्शन में करीब 25 विद्यार्थियों ने पीएचडी और एमफिल की उपाधियां प्राप्त कीं। उनके अकादमिक कार्यों में 14 अंतरराष्ट्रीय शोध-पत्र, 13 अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस प्रस्तुतियां, दो शोधपरक पुस्तकें और दो शैक्षणिक ग्रंथ शामिल रहे।

उन्होंने जनजातीय सशक्तीकरण, लैंगिक समानता, स्थानीय शासन और ग्रामीण रोजगार सहित विभिन्न विषयों पर शोध किया। शिक्षा और शोध के साथ वह बेटियों की पढ़ाई, युवाओं को नशे से दूर रखने तथा गरीब, जरूरतमंद और असहाय लोगों की सहायता जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रहीं। वर्ष 2023 में उन्हें इंटरनेशनल बेस्ट टीचर अवार्ड सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मान मिले थे। नौ फरवरी 2024 को 56 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया था।

समारोह में ये रहे उपस्थित

समारोह में योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया, पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल, चंबा के विधायक नीरज नैय्यर, चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, नालागढ़ के विधायक हरदीप बाबा और पूर्व मंत्री कुलदीप धीमान उपस्थित रहे। इनके अलावा हिमकोफेड के चेयरमैन विक्रम शर्मा डिक्की, हिमफेड के अध्यक्ष महेश्वर चौहान, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, कांग्रेस प्रदेश महासचिव रणजीत राणा, जिला अध्यक्ष देशराज गौतम, युवा कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री और अन्य गणमान्य लोगों ने भी समारोह में भाग लिया।

Related Topics: •