Loading...

पीजी कॉलेज नाहन की पीटीए गठित, राजीव ठाकुर को सर्वसम्मति से मिली अध्यक्ष की जिम्मेदारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 56 Mins Ago • 1 Min Read

डॉ. वाईएस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए पेरेंट्स टीचर एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी सर्वसम्मति से गठित की गई। राजीव ठाकुर को पीटीए अध्यक्ष और नरेश कुमार तोमर को उपाध्यक्ष चुना गया। बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लेकर महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं विकासात्मक कार्यों में सक्रिय सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।

नाहन

पीटीए की बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने की। बैठक का उद्देश्य महाविद्यालय, विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था। विद्यार्थियों के शैक्षणिक, व्यक्तित्व, सांस्कृतिक, अनुशासनात्मक और सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भागीदारी को अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान अभिभावकों ने विभिन्न विषयों पर सुझाव और विचार रखे, जिन पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा की गई।

नवगठित कार्यकारिणी में डॉ. रवि कान्त को सचिव (शिक्षक), जगदीश शर्मा को संयुक्त सचिव और जसवंत सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया। नरेश कुमार मुख्य सलाहकार और डॉ. विवेक नेगी मुख्य सलाहकार (शिक्षक) बनाए गए। नियति ठाकुर, अशोक कुमार पांडेयर, सुमन ठाकुर एवं दिवेश शर्मा को सदस्य तथा प्रो. बारूराम ठाकुर एवं प्रो. सुदेश कुमार को सदस्य (शिक्षक) चुना गया। ज्योति (बीसीए) और मोहित तोमर (बी.वोक) को सह-नामित सदस्य बनाया गया।

बैठक का संचालन करते हुए सचिव डॉ. रवि कान्त ने कहा कि पीटीए की सक्रिय भागीदारी से विद्यार्थियों के हित में महाविद्यालय और अभिभावकों के बीच संवाद अधिक मजबूत होगा। उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी के सभी सदस्यों से विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए समन्वित, सकारात्मक और जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया। अभिभावकों ने भी महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं विकासात्मक गतिविधियों में सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।