आईटीआई लंबलू में इस दिन लगेगा रोजगार व प्रशिक्षण मेला, भरे जाएंगे सैंकड़ों पद….
HNN/हमीरपुर
जिला हमीरपुर में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान लंबलू में प्रशिक्षण जागरूकता कार्यक्रम के तहत 11 दिसंबर को सुबह 10:00 बजे राष्ट्रीय प्रधानमंत्री प्रशिक्षण मेला आयोजित किया जाएगा। संस्थान के प्रधानाचार्य अनिल पठानिया द्वारा यह जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक और आईटीआई पास अभ्यर्थी एनएपीएस पोर्टल पर रजिस्टर होकर विभिन्न कंपनियों में एक वर्ष तक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान अभ्यार्थी को मानदेय भी दिया जाएगा। इसी दिन आईटीआई प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के लिए रोजगार मेले का आयोजन भी किया जाएगा। इस रोजगार मेले में चार बड़ी निजी कंपनियां विभिन्न ट्रेडों के अभ्यर्थियों को नौकरियां प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि नोएडा की कंपनी 10वीं-12वीं पास युवाओं के 120 पदों, आईटीआई इलेक्ट्रिशियन के 50 पदों, इलेक्ट्रॉनिक्स के 50 और मैकेनिकल ट्रेड के भी 50 पदों के लिए साक्षात्कार लेगी।
इसी प्रकार मोहाली, राजपुरा की निजी कंपनी 10वीं-12वीं पास और विभिन्न आईटीआई ट्रेडों सहित कुल 200-200 पदों के लिए साक्षात्कार लेगी। आवेदक की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। मोहाली स्थित कंपनी भी टर्नर, मशीनिस्ट, एमएमवी, मैकेनिक डीजल, मैकेनिक ट्रैक्टर, टूल एंड डाई मेकर के कुल 200 पदों के लिए साक्षात्कार लेगी।
इनमें 50 पद महिला उम्मीदवारों के लिए होंगे। इन पदों के लिए कम से कम 55 फीसदी अंकों के साथ आईटीआई पास उम्मीदवार पात्र होंगे। आवेदक की आयु 18 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, पहचान का प्रमाण एवं आधार कार्ड साथ लाना होगा।