आईपीएस प्रशिक्षण से ब्रेक लेकर निधि चौधरी ने रचा नया मुकाम
यूपीएससी में 466वीं रैंक हासिल, पहले 691वीं रैंक के साथ बनी थीं आईपीएस
जिला सिरमौर के नाहन विकास खंड के त्रिलोकपुर क्षेत्र की बेटी निधि चौधरी ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में एक बार फिर शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मौजूदा समय में आईपीएस प्रशिक्षण ले रहीं निधि ने इस बार यूपीएससी परीक्षा में 466वीं अखिल भारतीय रैंक हासिल कर अपनी पिछली रैंक में बड़ा सुधार दर्ज किया है।
नाहन
जिला सिरमौर के नाहन विकास खंड के त्रिलोकपुर क्षेत्र की बेटी निधि चौधरी ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में एक बार फिर शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मौजूदा समय में आईपीएस प्रशिक्षण ले रहीं निधि ने इस बार यूपीएससी परीक्षा में 466वीं अखिल भारतीय रैंक हासिल कर अपनी पिछली रैंक में बड़ा सुधार दर्ज किया है।
इससे पहले उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 691वीं रैंक प्राप्त कर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चयन हासिल किया था और वर्तमान में हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं।
दरअसल निधि का लक्ष्य शुरू से ही भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में जाने का रहा है। इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने आईपीएस प्रशिक्षण से एक वर्ष का ब्रेक लेकर दोबारा यूपीएससी परीक्षा देने का निर्णय लिया और कड़ी मेहनत के बल पर अपनी रैंक में उल्लेखनीय सुधार करते हुए 466वां स्थान हासिल किया। अब उनकी आईएएस में चयन की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है।
निधि के पिता धनीराम वर्तमान में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में सहायक कमांडेंट के पद पर दिल्ली में तैनात हैं, जबकि उनकी माता जसविंदर कौर गृहिणी हैं। परिवार ने हमेशा बेटी के सपनों को समर्थन दिया और हर कदम पर उसका हौसला बढ़ाया।
परिजनों के अनुसार निधि ने बचपन में ही आईएएस अधिकारी बनने का लक्ष्य तय कर लिया था और उसी दिशा में लगातार मेहनत करती रहीं। पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रही निधि ने बायोटेक्नोलॉजी में बीएससी ऑनर्स की पढ़ाई पूरी की है।
यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में निधि ने यह सफलता अपने पांचवें प्रयास में हासिल की है। उन्होंने सैल्फ स्टडी को अपनी तैयारी का मुख्य आधार बनाया। आईपीएस प्रशिक्षण से ब्रेक लेने के बाद वह दिल्ली में अपने पिता के साथ रहकर पूरी लगन से तैयारी में जुटी रहीं।
जैसे ही यूपीएससी परिणाम में निधि की 466वीं रैंक की खबर सामने आई, परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने इसे सिरमौर और नाहन क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया है।