Loading...

आउटसोर्सिंग/जल शक्ति विभाग में फिर से आउटसोर्स पर भर्ती..

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 13 Apr 2023 • 1 Min Read

HNN /मंडी

जल शक्ति विभाग में एक बार फिर से आउटसोर्स पर भर्ती शुरू हो गयी हैं । हिमाचल प्रदेश सरकार के जल शक्ति विभाग में शिमला क्लीनवेज़ के साथ करार समाप्त होने के बाद अब विभाग ने फिर से आउटसोर्स के टेंडर जारी कर दिए हैं। बता दें कि डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा के सत्र में इस बात को प्रमुखता से कहा था कि अब जल शक्ति विभाग में आउटसोर्स पर कोई भर्तियां नहीं की जाएंगी और विभाग में जितने भी पद खाली पड़े हैं उन्हें अनुबंध और नियमित आधार पर ही भरा जाएगा , लेकिन आउटसोर्स से कोई भी भर्ती नहीं की जाएगी ।

शिमला क्लीनवेज़ की कारगुजारियों को सदन में रखने के साथ ही डिप्टी सीएम ने यह भी स्पष्ट किया था कि 31 मार्च के बाद उनके साथ आगे कोई करार नहीं किया जाएगा । लेकिन 31 मार्च समाप्त होने के बाद अब आउटसोर्स के लिए दोबारा से टेंडर जारी किए गए हैं।

वही इस बारे में जल शक्ति विभाग बग्गी मंडल के अधिशाषी अभियंता ई. प्रवीण गुप्ता ने बताया कि शिमला क्लीनवेज़ के साथ करार समाप्त होने के बाद कर्मचारियों की भारी कमी हो गई थी । पानी की स्कीमों के संचालन में रूकावट पेश आने लग गई थी और इसी कमी के चलते अस्थायी टेंडर जारी किया गया ताकि इस कमी को पूरा किया जा सके और जैसे ही सरकार स्थायी नियुक्तियां कर देगी तो यह सभी टेंडर निरस्त हो जाएंगे। जो भी टेंडर जारी हो रहे हैं उन सभी को निकाले गए लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रखने को कहा जा रहा है।