Loading...

आगजनी / आधी रात की आगजनी में बेकरी हुई खाक , स्थानीय लोगों के सहयोग से टला बड़ा हादसा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 17 Dec 2024 • 1 Min Read

जोगिंद्रनगर आधी रात की आगजनी में लाखों की संपत्ति खाक

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में सोमवार आधी रात को एक बेकरी में आग लगने की बड़ी घटना हुई। इस आगजनी में बेकरी पूरी तरह जलकर राख हो गई, लेकिन दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से आसपास की पांच दुकानें, रिहायशी मकान, एक बैंक और एक मंदिर को बचा लिया गया। हालांकि, कुछ दुकानों को हल्का नुकसान पहुंचा है।

बेकरी में रखे सामान, मशीनरी और राशन समेत लाखों का नुकसान हुआ है, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। दमकल विभाग की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति को बचा लिया गया।

दमकल विभाग जोगिंद्रनगर के प्रभारी कर्म चंद ने जानकारी दी कि यह घटना मंडी-पठानकोट हाईवे के पास साईं बाजार में रात करीब 11:30 बजे हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। स्थानीय निवासियों ने भी इसमें भरपूर सहयोग दिया, जिससे आग के दायरे को बढ़ने से रोका जा सका।

पुलिस थाना जोगिंद्रनगर के प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि आगजनी से प्रभावित लोगों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। तहसीलदार जोगिंद्रनगर डॉ. मुकुल शर्मा ने कहा कि राजस्व विभाग जल्द ही नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करेगा, जिसके आधार पर प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाएगी । फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।